एनएसएस दिवस पर विद्यार्थियों ने लिया सेवा का संकल्प

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। शहर के आरके पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। महाविद्यालय की एनएसएस इकाइयों की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर स्वयंसेवकों को सेवा, समर्पण, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। प्राचार्य ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। एनएसएस विद्यार्थियों को सामाजिक समस्याओं से परिचित कराने के साथ उनके समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने स्वयंसेवकों से ‘मैं नहीं, आप’ की भावना को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम अधिकारियों ने एनएसएस के इतिहास, उद्देश्यों और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने स्वच्छता, पर्यावरण एवं जल संरक्षण, नशामुक्ति, सामाजिक जागरूकता, महिला सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर विचार रखे तथा जरूरतमंदों की सहायता और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में डॉ. प्रीतम सिंह, डॉ. रोहित राणा, आकाश कुमार और संजीव कुमार मौजूद रहे।



