गोड्डा
उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने जनता दरबार में आमजनों की समस्या को सुना
संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

होमगार्ड अभ्यर्थियों ने उपायुक्त से की मुलाकात
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में आमजनों की समस्याओं के समाधान एवं उनकी शिकायतों के त्वरित निष्पादन को लेकर उपायुक्त लोकेश मिश्रा के द्वारा जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों के द्वारा अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए गए। इस दौरान होमगार्ड के अभ्यर्थियों ने भी उपायुक्त लोकेश मिश्रा से मुलाकात कर अपनी समस्याओं एवं मांगों से अवगत कराया। उपायुक्त ने अभ्यर्थियों की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित विषय में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। जनता दरबार में लोगों द्वारा भूमि एवं राजस्व, पेंशन, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, राशन, पेयजल, सड़क, विद्युत सहित विभिन्न विषयों से संबंधित समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत किए गए। उपायुक्त ने प्रत्येक मामले को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों की जांच कर नियमानुसार त्वरित एवं उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिन मामलों में स्थल निरीक्षण अथवा अन्य विभागों से समन्वय की आवश्यकता है, उनमें आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि आमजनों की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। पात्र लाभुकों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनता दरबार के दौरान विभिन्न मामलों से संबंधित आवेदन संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए अग्रसारित किए गए।



