
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा ने गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद में चल रहे कार्यों की समीक्षा की। बैठक में सभी थानों के प्रभारी और मिशन शक्ति टीमों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। एसपी दक्षिणी ने थानों और टीमों द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों, महिला-बालिका सुरक्षा से जुड़ी कार्रवाई और जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन का फीडबैक लिया। उन्होंने कार्यों को और अधिक प्रभावी व परिणामपरक बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान मिशन शक्ति टीमों से क्षेत्र में कार्य के दौरान आने वाली व्यवहारिक समस्याओं, महिलाओं-बालिकाओं से मिले फीडबैक और जागरूकता कार्यक्रमों में आ रही कठिनाइयों पर चर्चा की गई। समस्याओं के समाधान के लिए आपसी समन्वय से कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
एसपी ने कहा कि मिशन शक्ति के उद्देश्यों को हर थाना क्षेत्र में प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों, हेल्पलाइन और पुलिस सेवाओं के प्रति जागरूक किया जाए और आवश्यकता पर तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाए।
थाना प्रभारियों को अभियान की नियमित समीक्षा और जमीनी स्तर तक पहुंच सुनिश्चित करने तथा महिला संबंधी शिकायतों पर संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।



