पति ने तीन तलाक दिया, महिला से मारपीट कर जेवर व बच्चा रखने का आरोप
महिला की तहरीर पर पति समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा, दारोगा राकेश गौतम को सौंपी जांच
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झिंझाना। चंदनपुरी जमालपुर गांव में महिला ने पति समेत ससुराल पक्ष के सात लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने, जेवरात व तीन वर्षीय बच्चे को अपने पास रखने और पति से तीन तलाक दिलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।गांव निवासी शबनम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि तीन अक्टूबर की शाम करीब सात बजे वह अपने तीन वर्षीय बच्चे असद के साथ घर में बैठी थी। आरोप है कि तभी उसका पति अमीरू, हफीजन, शमशाद, ममशाद, साहिरा और हारून घर में घुस आए। गाली-गलौज करते हुए सभी ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके पति अमीरू की दूसरी शादी कराने की बात कहते हुए उसे तीन तलाक देने के लिए उकसाया। इसके बाद पति ने उसे तीन बार तलाक कहा।
महिला का आरोप है कि इसके बाद उसके सोने-चांदी के जेवरात और तीन वर्षीय बच्चे असद को अपने पास रख लिया गया। विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। महिला ने मायके वालों को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन थाने पहुंचे। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को वहां से लेकर आई।महिला की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक राकेश कुमार गौतम को सौंपी गई है।
