पर्व- त्यौहारों को लेकर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण
Inspection of traffic arrangements for festivals

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। आगामी दुर्गापूजा, दीपावली एवं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को जिले के वरीय पदाधिकारियों ने पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान सुगम एवं जाममुक्त यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया गया। निरीक्षण में अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़ एवं मुफस्सिल थाना प्रभारी तथा यातायात प्रभारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने संभावित भीड़ को देखते हुए वाहनों के परिचालन, पार्किंग, रोड डायवर्जन, प्रवेश-निकासी मार्ग एवं यातायात नियंत्रण की व्यवस्था पर चर्चा की। टोटो-ऑटो के निर्धारित पड़ाव, चारपहिया एवं दोपहिया वाहनों के पार्किंग स्थल तथा मुफस्सिल और मालपहाड़ी की ओर से आने-जाने वाले वाहनों के रूट पर भी विचार-विमर्श किया गया। पर्व शुरू होने से पहले आम लोगों और वाहन चालकों की सुविधा के लिए रोड मैप एवं विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया जाएगा। निर्धारित रूट, पार्किंग स्थल, वाहन पड़ाव एवं डायवर्जन की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जायेगा। एसडीओ ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से निर्धारित रूट, पार्किंग स्थल एवं यातायात नियमों का पालन करने तथा यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।



