गोड्डा

जिला टीबी टास्क फोर्स एवं जिला टीबी फोरम की बैठक आयोजित

जिले में 1271 टीबी मरीजों में से 522 मरीजों को नि-क्षय मित्रों ने लिया गोद

शेष मरीजों को भी गोद लेने के लिए जनभागीदारी का आह्वान
जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर टीबी फोरम एवं टीबी टास्क फोर्स का गठन कर गोड्डा को टीबी मुक्त जिला बनाने पर जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

गोड्डा। जिला टीबी टास्क फोर्स एवं जिला टीबी फोरम की बैठक जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जिले में टीबी उन्मूलन अभियान को गति प्रदान करना, टीबी मरीजों की समय पर पहचान, जांच एवं उपचार सुनिश्चित करना तथा जनभागीदारी के माध्यम से जिले को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कार्ययोजना तैयार करना रहा।
बैठक के दौरान जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. निर्मला बेसरा द्वारा जिले में संचालित टीबी उन्मूलन कार्यक्रम एवं अभियान से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी गई। वहीं दीपक कुमार द्वारा टीबी उन्मूलन से संबंधित पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुतीकरण किया गया, जिसमें जिले में टीबी की स्थिति, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा टीबी उन्मूलन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई। बैठक में जिला स्तर के विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ स्वास्थ्य विभाग से सिविल सर्जन डॉ. सुभाष चंद्र शर्मा, जिला एवं प्रखंड स्तर के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर टीबी उन्मूलन अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने पर चर्चा की गई।

522 टीबी मरीजों को नि-क्षय मित्रों ने लिया गोद

बैठक में जानकारी दी गई कि वर्तमान में जिले में कुल 1271 टीबी मरीज चिन्हित हैं, जिनमें से 522 टीबी मरीजों को विभिन्न नि-क्षय मित्रों द्वारा गोद लिया जा चुका है। नि-क्षय मित्रों के माध्यम से गोद लिए गए मरीजों को पोषण संबंधी सहयोग एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। जिले में शेष टीबी मरीजों को भी गोद लेने के लिए जनभागीदारी के तहत आमजनों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, संस्थानों एवं सक्षम व्यक्तियों से आगे आने का आह्वान किया गया। बैठक के दौरान उपायुक्त लोकेश मिश्रा द्वारा शेष टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषण टोकरी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। यह पहल टीबी मरीजों के पोषण एवं उपचार में सहयोग प्रदान करने के साथ-साथ जिले में टीबी उन्मूलन के प्रयासों को और मजबूती प्रदान करेगी।

जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर गठित होंगे टीबी फोरम एवं टास्क फोर्स

बैठक में उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने कहा कि गोड्डा जिले से टीबी का शीघ्र उन्मूलन सुनिश्चित करने के लिए सभी स्तरों पर समन्वित प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर टीबी फोरम एवं टीबी टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा।
इनके माध्यम से स्थानीय स्तर पर टीबी मरीजों की पहचान, जांच, उपचार, मरीजों के उपचार की निरंतर निगरानी, पोषण सहयोग तथा जन-जागरूकता से संबंधित गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित किया जाएगा। साथ ही, पंचायत स्तर तक जनप्रतिनिधियों एवं समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से ही इस लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि टीबी मरीजों के प्रति संवेदनशीलता रखते हुए उनके उपचार एवं पोषण में सहयोग करें तथा अधिक से अधिक लोग नि-क्षय मित्र के रूप में आगे आएं।

टीबी मुक्त गोड्डा के लिए जिलेवासियों से सहयोग की अपील

सिविल सर्जन डॉ. सुभाष चंद्र शर्मा ने जिलेवासियों से ‘टीबी मुक्त गोड्डा’ के अभियान में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि टीबी के लक्षणों की जानकारी, समय पर जांच एवं नियमित उपचार के प्रति लोगों को जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आमजनों से अपील की कि टीबी के संभावित लक्षण पाए जाने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं तथा टीबी मरीजों को नियमित उपचार पूरा करने के लिए प्रोत्साहित करें। बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए आपसी समन्वय एवं जनभागीदारी के साथ प्रभावी ढंग से कार्य करने का संकल्प लिया। टीबी मुक्त गोड्डा के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ जिला प्रशासन, विभिन्न विभागों, पंचायती राज संस्थाओं, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया गया। बैठक में सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. ताराशंकर झा, संबंधित प्रखंडों के प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button