शामली

आखिरी गेंद तक धड़कनें बढ़ीं, सुपर ओवर में टूटा आमवाली का फाइनल का सपना

टाई के बाद सुपर ओवर में नयाबांस ने मारी बाजी, विकास की तूफानी पारी बनी जीत की कहानी; आमवाली के कप्तान मनव्वर का खाता भी नहीं खुला कप्तान खुद बने अपनी टीम की हार की वजह

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

झिंझाना। महाराणा प्रताप क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में रोमांच चरम पर पहुंच गया। आमवाली क्लब और नयाबांस के बीच 12 ओवर का मुकाबला निर्धारित ओवरों के बाद 140-140 रन पर टाई हो गया। इसके बाद मुकाबले का फैसला सुपर ओवर से हुआ, जिसमें नयाबांस ने बाजी मारते हुए फाइनल का टिकट कटाया। जीत के बेहद करीब पहुंचकर आमवाली क्लब का फाइनल खेलने का सपना टूट गया।नयाबांस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आमवाली के सामने 140 रन का लक्ष्य रखा। नयाबांस की ओर से विकास ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 50 रन की दमदार पारी खेली और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। विनय, अर्जुन और चेतन ने भी अहम पारियां खेलकर आमवाली के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा।लक्ष्य का पीछा करने उतरी आमवाली क्लब की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। कप्तान एवं सलामी बल्लेबाज मनव्वर बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि हाशिम भी महज 3 रन ही बना सके। इसके बाद नए खिलाड़ी निप्पी फौजी ने 24 रन की उपयोगी पारी खेलकर पारी को संभालने की कोशिश की।
आमवाली की ओर से राहुल कुमार ने महज 8 गेंदों पर 26 रन ठोककर मुकाबले में रोमांच बढ़ा दिया। वहीं वासार ने सिर्फ 7 गेंदों पर लगातार तीन छक्के जड़ते हुए 18 रन बनाए। रवि ने भी 14 रन का योगदान दिया। इसके बावजूद टीम निर्धारित 12 ओवर में 140 रन ही बना सकी और मुकाबला टाई हो गया।इसके बाद आया सुपर ओवर का रोमांच, जहां दबाव के बीच नयाबांस के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। नयाबांस की मजबूत गेंदबाजी, शानदार फील्डिंग और कप्तानी ने मैच की दिशा बदलने में अहम भूमिका निभाई।मैच के दौरान आमवाली क्लब ने कई मौकों पर मुकाबले पर पकड़ बनाई, लेकिन अहम समय पर मिले मौकों को भुनाने में टीम नाकाम रही। बल्लेबाजी और गेंदबाजी में हुई चूक के साथ कप्तानी के कुछ फैसलों को लेकर भी चर्चा रही। कप्तान मनव्वर का बल्लेबाजी में खाता नहीं खुलना भी टीम के लिए बड़ा झटका साबित हुआ।नयाबांस के कप्तान अश्वनी ने जीत का श्रेय पूरी टीम को देते हुए कहा कि आमवाली जैसी मजबूत टीम को हराना आसान नहीं था। उन्होंने कहा कि टीम के सभी खिलाड़ियों ने पूरी मेहनत की और अब उनका पूरा ध्यान फाइनल मुकाबले पर है।सुपर ओवर की हार के साथ आमवाली क्लब टूर्नामेंट से बाहर हो गया, जबकि नयाबांस ने रोमांचक जीत के साथ फाइनल में प्रवेश कर लिया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button