अज्ञात ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर चालक की मौत, दो घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। कैराना क्षेत्र में यमुना पुल के पास गुरुवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने पीछे से ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर चालक 18 वर्षीय परवेज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
कैराना क्षेत्र के गांव रमड़ा निवासी परवेज अपने साथी अफनान और नौशाद के साथ ट्रैक्टर से पानीपत सामान लेने जा रहा था। सुबह करीब चार बजे यमुना पुल के पास पीछे से आए अज्ञात ट्रक ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ट्रैक्टर पलट गया और उसमें सवार परवेज की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हादसे में अफनान और नौशाद भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बताया गया कि नौशाद पानीपत से जलालाबाद तक माल ले जाने का काम करता है। परवेज पांच भाइयों में सबसे छोटा था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।



