जाति-निवास प्रमाण पत्र बनाने में देरी से बढ़ी परेशानी, दो ऑपरेटरों की तैनाती की मांग
Delays in issuing caste and residence certificates cause inconvenience; demand raised for the deployment of two operators.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। बीते गुरुवार को कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला अध्यक्ष श्रीकुमार सरकार के नेतृत्व में जाति एवं निवास प्रमाण पत्र निर्गत करने में हो रही देरी की समस्या को लेकर अंचल अधिकारी से मुलाकात करने का प्रयास किया। हालांकि, अंचल अधिकारी के कार्यालय में मौजूद नहीं रहने के कारण प्रतिनिधिमंडल की उनसे मुलाकात नहीं हो सकी और उन्हें वापस लौटना पड़ा। जिला अध्यक्ष श्रीकुमार सरकार ने जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनवाने में हो रही देरी पर चिंता जताते हुए कहा कि इस कार्य के लिए आम लोगों को बार-बार अंचल कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है। इससे लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कार्यालय में लोगों की भीड़ भी देखने को मिल रही है। उन्होंने मांग की कि जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनाने के कार्य में एक के बजाय दो ऑपरेटरों को लगाया जाए, ताकि लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन हो सके और लोगों को कम समय में प्रमाण पत्र मिल सके। दो ऑपरेटरों की तैनाती से कार्य में तेजी आने के साथ- साथ कार्यालय में लगने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी। श्रीकुमार सरकार ने कहा कि आम लोगों को जाति एवं निवास प्रमाण पत्र के लिए लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े और उन्हें बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने से मुक्ति मिले, इसके लिए प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने चाहिए। उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए अंचल अधिकारी से मुलाकात कर अपनी मांग रखने का प्रयास किया था, लेकिन अधिकारी से भेंट न होने के कारण यह सम्भव नहीं हो सका। अब देखना होगा कि प्रशासन इस समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाता है, ताकि आम लोगों को समय पर जाति एवं निवास प्रमाण पत्र उपलब्ध हो सके। इस दौरान प्रखण्ड अध्यक्ष मानसारुल हक, रामविलास महतो अन्य उपस्थित थे।


