शामली

सीजेपी के आंदोलन को लेकर शामली में अलर्ट, कई नेता हाउस अरेस्ट

ट्रेनों के रद्द रहने से यात्रियों को हुई परेशानी, रेलवे स्टेशन पर पसरा सन्नाटा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। दिल्ली में सीजेपी के प्रस्तावित आंदोलन को लेकर शनिवार को शामली जिले में पुलिस-प्रशासन अलर्ट रहा। आंदोलन में शामिल होने के लिए दिल्ली जाने वाले लोगों को रोकने के उद्देश्य से रेलवे स्टेशन, बॉर्डर, टोल प्लाजा और प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। जिले में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के कई नेताओं को हाउस अरेस्ट किया गया। वहीं, शामली रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस लगातार गश्त करती रही और युवाओं को एकत्रित नहीं होने दिया गया। दिल्ली-सहारनपुर रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन रद्द रहने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शनिवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे और कथित वोट चोरी के विरोध में दिल्ली में सीजेपी के प्रस्तावित आंदोलन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन सतर्क रहा। दिल्ली जाने वाले मार्गों पर निगरानी बढ़ाई गई और आंदोलन में शामिल होने की आशंका वाले लोगों को रोकने के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय रहीं। प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया। रेलवे स्टेशन पर भी पुलिसकर्मी लगातार गश्त करते रहे, ताकि आंदोलन में शामिल होने के लिए युवाओं के समूह दिल्ली रवाना न हो सकें।
दिल्ली-सहारनपुर रेल मार्ग पर ट्रेनों के रद्द रहने से रेलवे स्टेशन पर सन्नाटा पसरा रहा। सुबह मोबाइल ऐप पर ट्रेनों की स्थिति देखकर स्टेशन पहुंचे यात्रियों को वहां पहुंचने पर ट्रेनों के रद्द होने की जानकारी मिली। इससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित अनेक यात्रियों को परेशानी हुई। सामान्य दिनों में यात्रियों की आवाजाही से व्यस्त रहने वाला स्टेशन खाली नजर आया। स्टेशन पर टिकट काउंटर पर भी सन्नाटा रहा।
हड़ौली निवासी प्रकाशी, सिलावर निवासी सचिन, सिक्का निवासी कश्मीरी, सहारनपुर निवासी उसमान और दिल्ली निवासी सुशील ने बताया कि उन्हें ट्रेनों के रद्द होने की जानकारी नहीं थी। वे यात्रा के लिए स्टेशन पहुंचे थे, लेकिन वहां पहुंचने पर ट्रेनें नहीं चलने का पता चला। इसके बाद उन्हें वैकल्पिक साधनों से गंतव्य तक पहुंचने की व्यवस्था करनी पड़ी। कई यात्री बसों से रवाना हुए, जबकि कुछ दूसरे साधनों की तलाश करते नजर आए।
आंदोलन को लेकर कांग्रेस नेता ओमप्रकाश शर्मा, वैभव गर्ग, प्रवीन तरार, जिलाध्यक्ष अखलाक प्रधान और शमशीर के अलावा समाजवादी पार्टी के नेता कलीम हसन, शेर सिंह राणा, राहुल सैनी, इमरान राणा, अश्वनी गुर्जर, तासीन मंसूरी, वासिल चौधरी, रविंद्र जोगी और जमील चौहान को पुलिस ने हाउस अरेस्ट किया। इसके अलावा भाकियू पदाधिकारी मास्टर जाहिद, दीपक शर्मा, योगेंद्र पंवार और कविता चौधरी को भी नजरबंद किए जाने की जानकारी सामने आई।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button