शामली

मतदाता सूची से नाम काटे जाने की शिकायतों की निष्पक्ष जांच की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम काटे जाने की शिकायतों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के पदाधिकारियों ने शनिवार को कलक्ट्रेट में विरोध प्रदर्शन किया। संगठन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम डीएम के माध्यम से ज्ञापन भेजकर प्रभावित नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित कराने की मांग की।
डीएम कार्यालय पर धरने के दौरान भाकियू के जिलाध्यक्ष आशीष चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार प्राप्त है। मतदाता सूची को शुद्ध करने की प्रक्रिया में किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम गलत तरीके से नहीं काटा जाना चाहिए। यदि किसी मतदाता का नाम उचित सूचना, सत्यापन और सुनवाई का अवसर दिए बिना हटाया गया है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
भाकियू ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में मतदाता सूची के पुनरीक्षण तथा नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया को लेकर सामने आई शिकायतों की समीक्षा कराने की मांग की। संगठन ने कहा कि मतदाता सूची में अपात्र व्यक्ति का नाम शामिल होना और पात्र नागरिक का नाम गलत तरीके से हटाया जाना, दोनों ही गंभीर विषय हैं। पूरी प्रक्रिया निर्धारित कानून और पारदर्शिता के अनुरूप होनी चाहिए।
ज्ञापन में राष्ट्रपति से संबंधित अधिकारियों को जांच, जवाबदेही और सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश देने का आग्रह किया गया। संगठन ने स्पष्ट किया कि यह मांग किसी राजनीतिक दल के पक्ष या विपक्ष में नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मताधिकार और निष्पक्ष निर्वाचन व्यवस्था की रक्षा के उद्देश्य से की गई है। इस दौरान प्रशांत चौधरी, विदेश मलिक, बिल्लू राणा, मनोज कुमार, सुधीर कुमार, पुनीत कुमार, गोविंद्र कुमार, नीलू कुमार, मुनव्वर चौधरी और आसिफ चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button