ललितपुर

मां भगवती की आराधना के साथ शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ, मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु

कटरा बाजार में मां महाकाली और सराफा बाजार में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित

आजाद चौक पर वैष्णो महोत्सव समिति ने किया कलश स्थापना पूजन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। मां भगवती की आराधना के महापर्व शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ होते ही जनपदभर में भक्तिमय माहौल छा गया। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक माता रानी के जयकारे गूंजने लगे। रविवार को विभिन्न स्थानों पर आकर्षक ढंग से सजाए गए पंडालों में मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की प्रतिमाएं स्थापित कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। इसके साथ ही कलश स्थापना और जवारों की स्थापना कर नौ दिनों तक चलने वाली देवी आराधना का विधिवत शुभारंभ हुआ। नवरात्रि के पहले दिन सुबह से ही मंदिरों और शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने मां ललितेश्वर मंदिर, काली बऊआ मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में पहुंचकर जलाभिषेक, पूजन-अर्चन और दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिरों में घंटा-घडिय़ाल की ध्वनि और माता रानी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। शहर के कटरा बाजार में मां श्रीमहाकाली की प्रतिमा स्थापित की गई, जबकि सराफा बाजार में मां श्री दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए विशेष व्यवस्था की गई। दोनों स्थानों पर आकर्षक साज-सज्जा के बीच माता रानी की आराधना को लेकर भक्तों में उत्साह देखने को मिला। इधर सिद्धपीठ श्रीचण्डी मंदिर परिसर में भी महामण्डलेश्वर स्वामी चन्द्रेश्वरगिरी जी महाराज के नेतृत्व में मां भगवती की प्रतिमा को स्थापित किया गया है। इसी क्रम में श्रीवैष्णो महोत्सव समिति, आजाद चौक की ओर से विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन एवं कलश स्थापना की गई। इस धार्मिक आयोजन में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुभाष जायसवाल मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया। जनपद के शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ दूरदराज के ग्रामीण इलाकों में भी मां भगवती की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। नवरात्रि के आगमन के साथ ही श्रद्धालु नौ दिनों तक व्रत, पूजन, दुर्गा सप्तशती पाठ और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से मां दुर्गा की आराधना करेंगे। पूरे जनपद में नवरात्रि पर्व को लेकर उत्साह और भक्ति का माहौल बना हुआ है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button