ललितपुर
मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड ने फूंका मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला
निर्वाचन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर जताया विरोध

निष्पक्ष जांच और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की उठाई मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। निर्वाचन प्रक्रिया में कथित गड़बडिय़ों के आरोपों को लेकर मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष इंजी. हृदेश यादव मुखिया के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के प्रति नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई। जिलाध्यक्ष इंजी. हृदेश यादव मुखिया ने आरोप लगाया कि निर्वाचन प्रक्रिया में कथित गड़बडिय़ों से लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनता के मताधिकार को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव आयोग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और संदेह से परे होनी चाहिए, ताकि आम जनता का चुनाव व्यवस्था पर विश्वास बना रहे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की गरिमा और निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखना आवश्यक है। यदि चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायत सामने आती है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कराकर तथ्यों के आधार पर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच कराने और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर उठाए गए सवालों पर जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने निष्पक्ष निर्वाचन, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का मुद्दा उठाया। प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष इंजी. हृदेश यादव मुखिया, चारू जैन, बिटटू यादव, मंचल, पंकज भज्जू, आकाश सहरिया, आकिब मंसूरी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



