बेतुल
बैतूल में कई दिनों से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें, अंधेरे में गुजरने को मजबूर राहगीर
व्यस्त चौराहों पर पसरा अंधेरा, नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। शहर में नगर पालिका की लापरवाही के चलते कई दिनों से स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। शहर के व्यस्त चौराहों और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से राहगीरों को अंधेरे में आवागमन करना पड़ रहा है। रात के समय सड़कों पर अंधेरा छाए रहने से लोगों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय स्तर पर सामने आ रही इस समस्या के बावजूद अब तक स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। ऐसे में नगर पालिका के जिम्मेदार कर्मचारियों और अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। शहर के प्रमुख चौराहों पर रोशनी की व्यवस्था सुचारु रखना नगर पालिका की जिम्मेदारी है, लेकिन लाइटें लंबे समय से बंद रहने के कारण आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रात के समय अंधेरे के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कत होती है। ऐसे हालात में दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। नागरिकों का कहना है कि नगर पालिका को नियमित रूप से स्ट्रीट लाइटों की जांच कराना चाहिए, ताकि खराब लाइटों को समय पर सुधारा जा सके।
नागरिकों ने की जल्द सुधार की मांग
शहरवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराया जाए और प्रमुख चौराहों सहित अन्य मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अब देखना होगा कि नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या पर कब ध्यान देते हैं और शहरवासियों को अंधेरे से कब राहत मिलती है।


