सिंगरौली
एनसीएल ने आवास आवंटन नियमों को लेकर आयोजित की कार्यशाला
आवास आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता और नियमों की जानकारी पर दिया जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की ओर से सोमवार को अधिकारियों एवं कर्मचारियों के आवास आवंटन नियमों को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य आवास आवंटन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित नियमों और विनियमों की जानकारी देना तथा नियमों के अनुरूप आवास आवंटन सुनिश्चित करना था।
कार्यशाला में एनसीएल के कंपनी जेसीसी सदस्य, सीएमओएआई सचिव, महाप्रबंधक (प्रशासन) एवं उनकी टीम, विभिन्न परियोजनाओं और इकाइयों के जेसीसी सदस्य, मानव संसाधन विभाग के स्टाफ अधिकारी, संबंधित अधिकारी तथा हाउसिंग अलॉटमेंट कमेटी के सदस्यों सहित अन्य प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
कार्यशाला के दौरान प्रस्तुतीकरण के माध्यम से आवास आवंटन की प्रक्रिया, आवंटन समिति का गठन, आवंटन के बाद आवास ग्रहण करने की प्रक्रिया और कर्मचारी की सेवाकाल के दौरान मृत्यु होने पर उनके आश्रित को आवास आवंटित करने से संबंधित प्रावधानों की जानकारी दी गई। इसके अलावा आवासों में आरक्षण, आवास परिवर्तन, पदोन्नति एवं स्थानांतरण की स्थिति में आवास बदलने की प्रक्रिया तथा गृह भाड़ा भत्ता से जुड़े नियमों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर हाउसिंग अलॉटमेंट कमेटी की जिम्मेदारियों, कर्तव्यों और आवास आवंटन से संबंधित सामान्य दिशा-निर्देशों की जानकारी भी दी गई। कार्यशाला में प्रस्तुतीकरण प्रबंधक (मानव संसाधन) कौशल कुमार ने दिया।
कार्यशाला के माध्यम से आवास आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमों की स्पष्ट जानकारी देने और प्रक्रिया से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने पर जोर दिया गया।



