बरेली
रोटरी साउथ के 40वें विराट दशहरा मेले का आगाज, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। रोटरी क्लब बरेली साउथ के 40वें विराट दशहरा मेले का शुभारंभ गुरुवार को बरेली क्लब मेला ग्राउंड में हुआ। मुख्य अतिथि डीआईजी अजय कुमार साहनी ने दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना कर मेले का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के बाद मुख्य अतिथि ने मेला परिसर का भ्रमण कर विभिन्न स्टॉलों पर लगे बरेली के नवीन उत्पादों की जानकारी ली। स्वागत क्लब अध्यक्ष रोहित जिंदल, मेला डायरेक्टर अंकुर बंसल, डॉ. आईएस तोमर, रवि प्रकाश अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने किया।
पहले दिन फैंसी ड्रेस और डांस बरेली डांस प्रतियोगिता हुईं। जूनियर और सीनियर वर्ग में बच्चों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर दर्शकों की तालियां बटोरीं। प्रतियोगिता में पहली बार मंच पर आए छोटे बच्चों ने सबका मन मोह लिया। जूनियर और सीनियर वर्ग के विजेताओं को विधायक संजीव अग्रवाल ने पुरस्कार दिए, अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। आयोजकों के अनुसार विस्तृत परिणाम देर रात मेला ग्राउंड पर घोषित किए जाएंगे। शाम को आकाशीय आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें बाबा नीम करौली के दर्शन का दृश्य दिखाया गया। मेले में करीब 150 स्टॉल लगे हैं। फूड प्लाजा में लोगों ने विभिन्न व्यंजनों का लुत्फ उठाया।
मुख्य अतिथि डीआईजी अजय कुमार साहनी ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता और चेतना बढ़ाते हैं तथा बच्चों को प्रतिभा निखारने का मंच देते हैं। विशेष अतिथि एसपी दक्षिणी अशिका वर्मा रहीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उद्घाटन नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने किया। मंच पर मुंबई की गायिका प्रेरणा रावत, एवी डांस ग्रुप और वर्षा शर्मा ने प्रस्तुति दी।
इस दौरान शिशिर पांडे, वीरेश मित्तल, घनश्याम खंडेलवाल, संदीप मेहरा सहित क्लब के कई सदस्य मौजूद रहे।




