सिंगरौली

मक्का-अरहर की फसल के बीच उगा रहे थे गांजा, 3 आरोपी गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जियावन पुलिस ने ग्राम संडा में गांजे के 16 हरे पौधे जब्त किए हैं। पुलिस ने इस मामले में एक ही परिवार के 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुंदवार चौकी क्षेत्र के ग्राम संडा में कुछ लोग अपने घर के पास स्थित खेत में मक्का और अरहर की फसल के बीच गांजे की अवैध खेती कर रहे हैं। सूचना मिलते ही जियावन पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान खेत में गांजे के 16 हरे पौधे मिले, जिन्हें पुलिस ने जड़ सहित उखाड़कर जब्त कर लिया। पौधों की ऊंचाई लगभग 4 फीट से लेकर 9 फीट से अधिक तक बताई गई है।
पुलिस ने मौके पर मौजूद लोलर बसोर (70), उसके पुत्र दिलीप बसोर (40) और अनिल बसोर (35), निवासी ग्राम संडा, को गिरफ्तार किया है। तीनों के विरुद्ध थाना जियावन में अपराध क्रमांक 0702/2026 के तहत धारा 8/20(ए) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन तथा देवसर एसडीओपी डॉ. गायत्री तिवारी के नेतृत्व में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेशचंद्र मिश्रा सहित जियावन थाना और कुंदवार चौकी के पुलिसकर्मियों की इसमें भूमिका रही।
सिंगरौली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध मादक पदार्थों की खेती, बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा चौकी को सूचित करें।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button