बरेली
वाल्मीकि प्रकट दिवस पर जनसैलाब, बॉलीवुड अदाकारों के नाम रहा मेले का दूसरा दिन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। 46वें वाल्मीकि सद्भावना मेले के दूसरे दिन वाल्मीकि जयंती पर श्रद्धा और उल्लास का संगम दिखा। मेले का उद्घाटन सांसद छत्रपाल गंगवार और वन राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार और कैंट विधायक संजीव कुमार अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया। राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार विशिष्ट अतिथि रहीं।
सुबह से ही मेला प्रांगण में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। विभिन्न क्षेत्रों से निकली शोभायात्राएं धर्म रथ के साथ मेले में पहुंचीं। अध्यक्ष मनोज थपलियाल ने आरती उतारकर स्वागत किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां: दिल्ली के डांस ग्रुप की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। अमिताभ बच्चन स्टारर ‘खुदा गवाह’ के को-स्टार अभिनेता अली खान ने फिल्मी अंदाज और दमदार संवादों से तालियां बटोरीं। जूनियर देवानंद के रूप में मशहूर किशोर भानुशाली ने हास्य और अभिनय से खूब गुदगुदाया।
तीसरे और अंतिम दिन अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन और भारतीय परिधानों का फैशन शो मुख्य आकर्षण रहेंगे।
इस दौरान प्रमुख रूप से मनोज थपलियाल, आकाश पुष्कर, सुषमा गौड़ियाल, सुनील दत्त, विकास महर्षि, योगेश बंटी, विक्रम सिंह, अनिल नायर, संजीव सिंह, राकेश थपलियाल, रूपेश थपलियाल, प्रथम थपलियाल, कंवल विग आदि मौजूद रहे।




