कैराना में गरजे ओवैसी, सपा-कांग्रेस और भाजपा पर साधा निशाना
मुजफ्फरनगर दंगों का मुद्दा उठाया, सांसद इकरा हसन और विधायक नाहिद हसन के कामकाज पर भी सवाल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना, शामली। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार देर शाम कैराना में आयोजित जनसभा में भाजपा, सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा। झाड़खेड़ी रोड स्थित मैदान में आयोजित सभा में उन्होंने मुस्लिम समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी, विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज को केवल वोट बैंक बनकर नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने अधिकारों और राजनीतिक भागीदारी के लिए जागरूक होना चाहिए।
ओवैसी ने अंतरराष्ट्रीय हालात और चीन के साथ सीमा विवाद का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से चीन के सामने भारत का पक्ष मजबूती से रखने की मांग की। उन्होंने कहा कि युद्ध किसी के हित में नहीं है और भारत को शांति बनाए रखने के प्रयास करने चाहिए। उन्होंने सऊदी अरब में उमराह के लिए गए भारतीयों की सुरक्षित वापसी का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि उड़ानें प्रभावित होने के कारण वहां फंसे भारतीयों की वापसी के लिए केंद्र सरकार को आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
वर्ष 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र करते हुए ओवैसी ने तत्कालीन सपा सरकार पर दंगों को रोकने में नाकाम रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उस समय प्रभावित लोगों की मदद के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं किए गए। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए मुस्लिम समाज के मुद्दों पर राजनीतिक दलों की भूमिका पर सवाल उठाए।
ओवैसी ने कैराना की सांसद इकरा हसन और विधायक नाहिद हसन के कामकाज पर सवाल उठाते हुए क्षेत्र में स्कूल-कॉलेज, अस्पताल और विकास कार्यों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आने पर जनप्रतिनिधियों की सक्रियता बढ़ जाती है। उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि सत्ता परिवर्तन सड़क के बजाय वोट की ताकत से होना चाहिए।
सभा में एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष महताब चौहान, प्रवक्ता शादाब चौहान, इरफान इंजीनियर एडवोकेट और परवेज अली सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

