बरेली
भोलापुर गंगा घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, हजारों ने लगाई आस्था की डुबकी

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली / फतेहगंज। कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को भोलापुर गंगा घाट पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। भीड़ को देखते हुए पुलिस मुस्तैद रही। सीओ हाईवे देवेश सिंह, थाना प्रभारी प्रवीण कुमार और चौकी प्रभारी आदेश कुमार के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने घाट पर गश्त की और नाव से भी निगरानी रखी।
घाट के पास शिव मंदिर के निकट विशाल मेला लगा। चाट, जलेबी, मिठाई और खिलौनों की दुकानों पर महिलाओं और बच्चों ने जमकर खरीदारी की। मेले में बिछड़ी आठ वर्षीय काव्या को पुलिस ने सकुशल खोजकर उसकी मां उमा देवी को सौंप दिया। श्रद्धालुओं के लिए पूर्व ब्लॉक प्रमुख भद्रसेन गंगवार की ओर से चाय-बिस्कुट की व्यवस्था की गई, जबकि जगदीश गंगवार ने हलवे का प्रसाद वितरित किया।फतेहगंज पश्चिमी सहित सैकड़ों गांवों से श्रद्धालु पहुंचे।




