ललितपुर

नहर की नाली में भर दी पावर प्लांट की राख

खेतों में भर रहा पानी, फसलें बर्बाद होने से किसान परेशान

गुगरवारा के ग्रामीणों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
मनरेगा से बनी नाली की सफाई कराने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। तहसील महरौनी अंतर्गत ग्राम गुगरवारा के किसानों की खेती पर नहर के रिसाव का पानी संकट बन गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि चिगलौआ पावर प्लांट से निकलने वाली राख डालकर नहर के किनारे बनी निकासी नाली को बंद कर दिया गया है। इससे नहर का पानी खेतों में भर रहा है और किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं। समस्या से परेशान ग्रामीणों ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और समस्या के समाधान की मांग की। ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि कचनोंदा बांध की दायीं मुख्य नहर ललितपुर से बानपुर एवं कैलगुवां-ललितपुर मार्ग तक बनाई गई है। नहर की ऊंचाई लगभग 15 से 20 फुट होने के कारण करीब पांच-छह वर्ष पहले सिंचाई के लिए पानी छोड़े जाने पर रिसाव की समस्या शुरू हो गई थी। नहर से रिसने वाला पानी किसानों के खेतों में भरने से लगातार फसलें प्रभावित हो रही थीं। समस्या के समाधान के लिए तत्कालीन ग्राम प्रधान और सिंचाई विभाग से शिकायत की गई थी। इसके बाद मनरेगा योजना के तहत नहर के किनारे रिसाव का पानी सुरक्षित निकालने के लिए नाली का निर्माण कराया गया था। आरोप है कि मई-जून 2026 में चिगलौआ पावर प्लांट से निकलने वाली राख मशीनों के माध्यम से उक्त नाली में भरवा दी गई, जिससे पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में नहर में पानी छोड़े जाने पर रिसाव का पानी नाली से बाहर निकलने के बजाय सीधे खेतों में भर रहा है। इससे खड़ी फसलें नष्ट हो रही हैं, वहीं खाली खेतों में पानी भरा होने के कारण किसान समय पर अगली फसल की बुआई भी नहीं कर पा रहे हैं। यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जाएगा। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से बंद पड़ी नाली की तत्काल सफाई कराने, पानी की निकासी सुचारु करने तथा नाली में राख भरने के लिए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध जांच कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य खिलान सिंह यादव, ग्राम प्रधान द्रौपदी, दिलीप कुमार, मनोज मिश्रा, राजेश कुमार यादव, रामभजन, मेघराज, भरत सिंह, शिवेंद्र और मौरन सहित अन्य ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button