ललितपुर
बनवारी लाल कंछल की रिहाई पर ललितपुर के व्यापारियों ने बांटी मिठाई, बताया ट्रेड टाइगर
व्यापार मंडल की कोर कमेटी की बैठक में व्यापारी नेता के संघर्ष को किया याद

कहा- व्यापारियों के हितों की लड़ाई में हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा व्यापारी समाज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद बनवारी लाल कंछल को तीन वर्ष की सजा सुनाए जाने के बाद उच्च न्यायालय से जमानत मिलने और रिहाई के आदेश पर ललितपुर के व्यापारियों ने खुशी जाहिर की। जिला उद्योग व्यापार मंडल की कोर कमेटी की बैठक में व्यापारियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके लंबे संघर्ष और व्यापारी हितों के लिए किए गए योगदान को याद किया। इस दौरान व्यापारियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई और बनवारी लाल कंछल के समर्थन में नारे लगाए। जिला उद्योग व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष सुरेश बडेरा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक का संचालन वरिष्ठ महामंत्री प्रदीप सतरवास ने किया। बैठक में जिलाध्यक्ष सुरेश बडेरा ने बताया कि अगस्त 1998 में व्यापारियों के कथित उत्पीडऩ के विरोध में हुए घटनाक्रम को लेकर तत्कालीन सेल टैक्स विभाग के अधिकारियों की ओर से सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में बनवारी लाल कंछल सहित अन्य लोगों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले की सुनवाई अपर जिला जज एमपी-एमएलए कोर्ट उमाकांत जिंदल की अदालत में हुई। व्यापार मंडल पदाधिकारियों के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को अदालत ने बनवारी लाल कंछल समेत तीन अभियुक्तों को तीन वर्ष के कारावास और प्रत्येक पर 37 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। इसके बाद 24 नवंबर को उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। व्यापार मंडल की ओर से बताया गया कि बाद में उच्च न्यायालय से उन्हें जमानत मिली और रिहाई का आदेश जारी हुआ। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बनवारी लाल कंछल पिछले पांच दशकों से व्यापारियों के उत्पीडऩ के खिलाफ संघर्ष करते आ रहे हैं। उन्होंने अपना जीवन व्यापारी समाज की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित किया है। व्यापारियों ने कहा कि अपने संघर्ष के दौरान वह लगभग 19 बार जेल गए, लेकिन व्यापारियों के हितों की लड़ाई से कभी पीछे नहीं हटे। यही कारण है कि प्रदेश के लाखों व्यापारी उन्हें अपना मार्गदर्शक और हितैषी मानते हैं। व्यापारी नेताओं ने बनवारी लाल कंछल को ट्रेड टाइगर की उपाधि से संबोधित करते हुए कहा कि उनका संघर्ष व्यापारी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यापारी समाज न्यायालय के आदेश का सम्मान करता है, लेकिन सजा को समाप्त कराने के लिए उच्च न्यायालय में अपील भी दायर की जाएगी। प्रदेश का व्यापारी समाज अपने नेता के साथ मजबूती से खड़ा है। बैठक के दौरान व्यापारियों ने बनवारी लाल कंछल के रिहा होने पर मिठाई वितरित की और व्यापारी एकता के समर्थन में नारे लगाए। वक्ताओं ने कहा कि व्यापारी समाज उनके प्रति हमेशा समर्पित रहेगा और उनके नेतृत्व में व्यापारी हितों की लड़ाई जारी रखेगा। बैठक में जिला अध्यक्ष सुरेश बडेरा, वरिष्ठ महामंत्री प्रदीप सतरवास, जिला संयुक्त महामंत्री अभिषेक अनोरा, प्रदेश उपाध्यक्ष कमलेश सर्राफ, प्रदेश संगठन मंत्री राहुल गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बॉबी राजा नाराहट, रविंद्र दिवाकर, नगर अध्यक्ष युवा संजय जैन रिंकू, नगर महामंत्री मनीष जैन मनपसंद, विधिक सलाहकार अखिलेश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष विजय पहलवान, अभिषेक जैन अब्बू मुच्छाल, रजनीश चड्ढा, संचित अग्रवाल, कैलाश नारायण, राकेश बरया, सुनील जैन मक्खन, जंतु समैया, जिनेंद्र गंगचारी, शिखर मिर्चवारा, प्रदीप जैन खजुरिया, सचिन समैया यादव, लोकेश जैन, अतुल संज्ञा सहित अनेक व्यापारी नेता एवं व्यापारी उपस्थित रहे।



