ललितपुर

बार बीज गोदाम में बीज-खाद नहीं मिलने से किसान परेशान

क्लस्टर वितरण में अनियमितता का आरोप

किसानों ने जिलाधिकारी को सौंपा शिकायती पत्र
निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई और जल्द बीज उपलब्ध कराने की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। बार स्थित बीज गोदाम से बीज एवं खाद का वितरण नहीं होने तथा ग्राम मुरा पांचौनी में क्लस्टर प्रक्रिया के तहत बीज वितरण में कथित अनियमितता किए जाने का मामला सामने आया है। इससे परेशान किसानों ने शनिवार को जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में ग्राम मुरा पांचौनी निवासी अनुपम मिश्रा पुत्र बद्रीप्रसाद मिश्रा ने बताया कि गांव के किसान लगातार बार बीज गोदाम के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अभी तक बीज और खाद उपलब्ध नहीं कराया गया है। किसानों का कहना है कि ग्राम मुरा पांचौनी में क्लस्टर प्रक्रिया के अंतर्गत निशुल्क बीज वितरण किया जाना था, लेकिन पात्र एवं जरूरतमंद किसानों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि खेतों में सिंचाई हो चुकी है और अब खेत सूखने लगे हैं, लेकिन समय पर बीज उपलब्ध नहीं होने के कारण बुवाई प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। किसानों ने आरोप लगाया कि क्लस्टर योजना के तहत कुछ चुनिंदा किसानों को ही बीज वितरित किया गया, जबकि अन्य जरूरतमंद किसान वंचित रह गए। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कथित तौर पर पैसे की सेटिंग करने वाले या बुलाए गए कुछ किसानों को ही बीज दिया गया। प्रार्थना पत्र में अनुपम मिश्रा के साथ अनुराग एवं आनंद पुत्रगण बद्रीप्रसाद मिश्रा सहित अन्य ग्रामीणों ने भी किसानों की समस्या उठाते हुए क्लस्टर प्रक्रिया के तहत हुए बीज वितरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही बार बीज गोदाम से किसानों को शीघ्र बीज एवं खाद उपलब्ध कराने तथा वितरण में अनियमितता पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई किए जाने की मांग जिलाधिकारी से की गई है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button