सिंगरौली

अवैध संबंध के चलते पति की हत्या

सरई पुलिस ने पत्नी, प्रेमी और साथी को किया गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
 सिंगरौली। थाना सरई पुलिस ने अवैध प्रेम संबंध के चलते की गई एक सनसनीखेज अंधी हत्या का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत, पुलिस उप महानिरीक्षक रीवा रेंज हेमंत चौहान तथा पुलिस अधीक्षक सिंगरौली मनीष खत्री के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा और एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह भदौरिया एवं चौकी प्रभारी सूरज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस अंधी हत्या का खुलासा किया।
सड़क किनारे मिला था युवक का शव
पुलिस के अनुसार 8 मार्च 2026 को चौकी निवास के डायल-112 पर सूचना मिली कि ग्राम रजनिया कटरा जंगल में सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव मोटरसाइकिल के नीचे दबा पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में मृतक की पहचान अजय वैश्य (निवासी खंतरा, थाना मझौली, जिला सीधी) के रूप में हुई।
मृतक के भाई विनय वैश्य ने पुलिस को बताया कि अजय की शादी 12 फरवरी को ग्राम गन्नई निवासी उमा वैश्य से हुई थी। 7 मार्च की शाम वह मोटरसाइकिल से ससुराल जाने के लिए निकला था, लेकिन वहां नहीं पहुंचा और अगली सुबह उसकी मौत की खबर मिली।
हत्या को दुर्घटना दिखाने की कोशिश
पुलिस ने मौके पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की। फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामला संदिग्ध पाया गया। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान और मोटरसाइकिल की स्थिति से स्पष्ट हुआ कि यह दुर्घटना नहीं बल्कि हत्या है। इसके बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 143/26 धारा 103(1), 238 (ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पत्नी और प्रेमी ने रची थी साजिश
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी उमा वैश्य से पूछताछ की। पूछताछ में खुलासा हुआ कि शादी से पहले उसका अमरबहादुर वैश्य नामक युवक से प्रेम संबंध था और वह उसी से शादी करना चाहती थी। परिवार द्वारा अजय से शादी कराने के कारण वह खुश नहीं थी। इसी कारण पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर अजय की हत्या की साजिश रची।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
योजना के तहत 7 मार्च को उमा ने अजय को मिलने के लिए अपने मायके ग्राम गन्नई बुलाया और उसकी जानकारी प्रेमी अमरबहादुर को दे दी। अमरबहादुर अपने साथी चंद्रप्रताप वैश्य के साथ बोलेरो वाहन से निवास क्षेत्र पहुंचा और अजय का पीछा किया।
रात करीब 9 से 10 बजे के बीच रजनिया कटरा जंगल के पास सुनसान स्थान पर आरोपियों ने मोटरसाइकिल रुकवाकर अजय को नीचे ले गए। वहां दोनों आरोपियों ने मेडिकल ग्लव्स पहनकर गमछे से उसका गला घोंटा और सिर पर पत्थर से कई बार वार कर हत्या कर दी। इसके बाद हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए मोटरसाइकिल को शव के ऊपर रख दिया।
पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, कपड़े और अन्य सामग्री जब्त की गई। इसके बाद उन्हें न्यायालय सरई में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
उक्त मामले का खुलासा करने में एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी, थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह भदौरिया, चौकी प्रभारी सूरज सिंह, चौकी प्रभारी निगरी विनय शुक्ला, उप निरीक्षक नृपेन्द्र सिंह, अमन वर्मा, सहायक उप निरीक्षक त्रिवेणी पाल, प्रधान आरक्षक ज्ञानेन्द्र सिंह, अमरजीत पाल सहित पुलिस बल और साइबर सेल सिंगरौली की टीम की सराहनीय भूमिका रही।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button