कैराना
सर्वर डाउन होने से कैराना में गैस वितरण ठप, सिलेंडर के लिए भटके उपभोक्ता
रमजान में बढ़ी परेशानी, बुकिंग और पर्ची न निकलने से एजेंसी से खाली हाथ लौट रहे उपभोक्ता
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। नगर के शामली रोड स्थित विनायक इण्डेन गैस एजेंसी पर सर्वर डाउन होने से एलपीजी गैस सिलेंडरों का वितरण प्रभावित हो गया। मोबाइल से बुकिंग और वेबसाइट सेवा बंद होने के कारण उपभोक्ताओं को सिलेंडर लेने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शुक्रवार को बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस एजेंसी पर पहुंचे, लेकिन बुकिंग न होने और पर्ची न निकलने के कारण उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल सका। कई लोग सुबह से एजेंसी के बाहर लाइन में लगे रहे, लेकिन शाम तक भी सिलेंडर न मिलने से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी द्वारा दिए गए नंबरों पर गैस बुकिंग नहीं हो पा रही है और बिना पर्ची के सिलेंडर भी नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इन दिनों रमजान का महीना चल रहा है, जिसके चलते घरों में गैस सिलेंडर की मांग बढ़ गई है। उपभोक्ता अनीस और महबूब ने बताया कि सहरी और इफ्तार के लिए खाना बनाने में दिक्कतें आ रही हैं। गैस न मिलने से रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी की ओर से गोदाम में पर्याप्त गैस सिलेंडर होने की बात कही जा रही है, लेकिन बुकिंग और पर्ची न मिलने के कारण सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। एजेंसी कार्यालय में कार्यरत मोहम्मद हामिद हुसैन ने बताया कि कंपनी का एसडीएमएस सर्वर डाउन होने के कारण उपभोक्ताओं की पर्ची नहीं निकल पा रही है। सुबह से लगातार सर्वर चालू होने का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गोदाम में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है, लेकिन सर्वर की समस्या के कारण वितरण बाधित हो रहा है।

