नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। गांव भूरा के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में युवक के पैर की हड्डी टूट गई। घायल को पहले कैराना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल शामली रेफर कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के गांव सहपत निवासी नरेश पुत्र दीना ने कोतवाली कैराना में तहरीर देते हुए बताया कि चार मार्च 2026 की शाम करीब छह बजे उसका पुत्र विपुल मोटरसाइकिल (नंबर HR60 H5551) से आ रहा था। आरोप है कि गांव भूरा स्थित पेट्रोल पंप के पास जावेद पुत्र कय्यूम निवासी ग्राम भूरा ने अपने अर्जुन महिंद्रा ट्रैक्टर को तेज गति व लापरवाही से चलाते हुए उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई और विपुल गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके पैर की हड्डी टूट गई। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायल को एंबुलेंस के माध्यम से सरकारी अस्पताल कैराना पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल शामली रेफर कर दिया गया ।पीड़ित के अनुसार बेटे के उपचार में व्यस्त रहने के कारण वह समय पर रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सका। मामले में चेतराम पुत्र कल्लू और सुरेश पुत्र दीना को घटना का गवाह बताया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
