बाराबंकी

घर की जमीन को लेकर खूनी संघर्ष, दोनों पक्षों में जमकर मारपीट; 5 घायल, 3 की हालत गंभीर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

त्रिलोकपुर में पुराने भूमि विवाद ने लिया हिंसक रूप, पुलिस ने कराया मेडिकल, जांच शुरू
बाराबंकी जनपद के मसौली थाना क्षेत्र के कस्बा त्रिलोकपुर में घर की जमीन को लेकर चल रहा पुराना विवाद बुधवार सुबह हिंसक संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई जमकर मारपीट में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें तीन लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव में कराया जा रहा है, जबकि पुलिस ने दोनों पक्षों का मेडिकल कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार त्रिलोकपुर निवासी पुत्तन पुत्र बाराती का घर की जमीन को लेकर कमाल, राजू, राजा और दानिश पक्ष से काफी समय से विवाद चला आ रहा था। बुधवार सुबह करीब 10 बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने से अफरा-तफरी मच गई।
मारपीट में पुत्तन, उनकी पत्नी केसर जहां तथा उनकी 18 वर्षीय पुत्री साहिबा बानो गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि पुत्तन के पैर और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उनकी पत्नी और बेटी को भी गंभीर चोट लगने के कारण अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है। अन्य दो लोगों को भी चोटें आई हैं।
घायल पुत्तन का कहना है कि विपक्षी पक्ष के लोग सुबह उनके घर पहुंचे, गाली-गलौज की और फिर घर के अंदर घुसकर दरवाजा बंद कर उनके परिवार के साथ बेरहमी से मारपीट की। उन्होंने थाना मसौली में लिखित तहरीर देकर विपक्षी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि जिस भूमि पर पुत्तन का परिवार रह रहा है, वह उनकी पैतृक संपत्ति है। उनका दावा है कि रहने के लिए जगह दी गई थी, लेकिन अब उस पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसके चलते विवाद उत्पन्न हुआ।
इस संबंध में थाना प्रभारी अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पक्षों का मेडिकल कराया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button