हजारीबाग

रामनवमी महासमिति की कार्यकारिणी गठन का पूर्ण अधिकार केवल अध्यक्ष को।

महासमिति के अधिकारों का हनन बर्दाश्त नहीं, परंपराओं का हो सम्मान :  लड्डू यादव।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हजारीबाग : रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष पद के चुनाव संपन्न होने के मात्र दो दिन बाद महंत विजयानंद दास द्वारा टोनी जैन को “स्वागत समिति” का अध्यक्ष घोषित किए जाने से मामला तूल पकड़ता जा रहा है। श्री श्री चैत्र महावीर झंडा पूजा महासमिति के नवनिर्वाचित अध्यक्ष करण यादव उर्फ लड्डू यादव ने इस निर्णय पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि महासमिति अध्यक्ष का चुनाव पूर्णतः लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत सभी अखाड़ों के प्रतिनिधियों एवं पूर्व अध्यक्षों द्वारा किया गया है, और परंपरानुसार महासमिति की कार्यकारिणी के गठन एवं उससे जुड़े सभी निर्णय लेने का अधिकार केवल निर्वाचित अध्यक्ष को ही होता है। करण यादव ने आरोप लगाया कि स्वागत समिति के अध्यक्ष की एकतरफा घोषणा स्थापित परंपराओं के विपरीत है और यह महासमिति के अधिकारों का सीधा हनन है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई से अखाड़ा समितियों, कार्यकर्ताओं एवं रामनवमी से जुड़े श्रद्धालुओं के बीच भ्रम और असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो रही है, जिससे आयोजन की समन्वय व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इस संबंध में करण यादव उर्फ लड्डू यादव द्वारा जिले के उपायुक्त, रामनवमी महासमिति के कई पूर्व अध्यक्षों एवं महंत विजयानंद दास को ज्ञापन भी सौंपा गया है, जिसमें उन्होंने पूरे प्रकरण पर संज्ञान लेते हुए परंपराओं के अनुरूप निर्णय सुनिश्चित करने तथा महासमिति अध्यक्ष के अधिकारों की रक्षा करने की मांग की है। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से परंपराओं का सम्मान करने और महासमिति के साथ समन्वय स्थापित कर निर्णय लेने की अपील की ताकि रामनवमी महोत्सव का आयोजन शांतिपूर्ण, गरिमामय और सफल तरीके से किया जा सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button