जालौन
प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर ‘नवनिर्माण के 9 वर्ष’ पुस्तक का विमोचन
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने विकास कार्यों की उपलब्धियां गिनाईं

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
उरई (जालौन)। उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद जालौन के विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा नवनिर्माण के 9 वर्ष नामक वार्षिक पुस्तक का विमोचन किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चैहान सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भाग लिया। सजीव प्रसारण के पश्चात सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने प्रेस वार्ता आयोजित कर जनपद में हुए विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विकास कार्यों की सराहना करते हुए योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
पर्यावरण एवं पशु संरक्षण के क्षेत्र में उपलब्धियां
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने बताया कि नून नदी के पुनरोद्धार कार्य के तहत नदी तल की सफाई, गाद निकालने और प्राकृतिक प्रवाह को बहाल करने का कार्य किया गया। गौवंश संरक्षण के लिए जनपद में 09 वृहद गौ आश्रय स्थल योजना संचालित की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में 331 अस्थायी गौ आश्रय स्थल संचालित हैं, जिनमें से 265 पर सोलर कैमरे लगाकर कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम से निगरानी की जा रही है। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए जनपद को श्स्कॉच पुरस्कारश् से सम्मानित किया गया है।
कृषि एवं ग्रामीण विकास
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जनपद के 2,62,689 किसानों को अगस्त 2025 तक 828.82 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि प्रदान की गई। जनपद में 4,38,679 मीट्रिक टन गेहूं, 3,699 मीट्रिक टन धान एवं 5,131 मीट्रिक टन श्री अन्न की खरीद की गई। आवास योजना के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में 26,669 एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 4,559 आवास स्वीकृत किए गए।
सामाजिक सुरक्षा एवं महिला सशक्तिकरण
स्वच्छ भारत मिशन के तहत 2,00,439 व्यक्तिगत एवं 565 सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कराया गया। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में स्वयं सहायता समूहों द्वारा बैंकिंग, टेलरिंग, पुष्टाहार वितरण जैसे कार्य किए जा रहे हैं। पेंशन योजनाओं के तहत 35,316 निराश्रित महिलाएं, 1,25,613 वृद्धजन एवं 24,473 दिव्यांगजन लाभान्वित हो रहे हैं। प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंतर्गत 3,66,016 खाते खोले गए।
स्वास्थ्य, शिक्षा एवं ऊर्जा के क्षेत्र में प्रगति
आयुष्मान भारत योजना के तहत 4.57 लाख लाभार्थियों के कार्ड बनाए गए एवं 84,311 मरीजों का उपचार किया गया, जिसमें 100 करोड़ रुपये से अधिक के क्लेम सेटल किए गए। ऊर्जा क्षेत्र में 357 मेगावाट सोलर प्लांट एवं 791 किलोमीटर ट्रांसमिशन लाइन स्थापित की गई। शिक्षा के क्षेत्र में 8.18 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय महाविद्यालय माधौगढ़ का निर्माण किया गया।
बुनियादी ढांचा एवं राजस्व विभाग की उपलब्धियां
इन्फ्रास्ट्रक्चर के अंतर्गत रेलवे उपरिगामी सेतु, 222.86 किमी सड़कों का निर्माण, 04 विद्युत उपकेंद्र, मेडिकल कॉलेज में 50 बेड क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण कराया गया। राजस्व विभाग की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि जालौन प्रदेश का प्रथम जनपद है, जहां 13,588 सीमास्तंभों का पुनर्निर्माण कर 100 प्रतिशत स्थापना पूर्ण की गई। स्वामित्व योजना के तहत 1,93,193 घरौनियों का वितरण किया गया।


