22 से 25 मार्च तक मजदूर मैदान में लगेगा बोकारो सखी महोत्सव 2026
स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित स्वदेशी उत्पादों का होगा प्रदर्शन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। जिला प्रशासन, बोकारो द्वारा महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने तथा उनके द्वारा निर्मित स्वदेशी उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बोकारो सखी महोत्सव 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह महोत्सव 22 मार्च से 25 मार्च 2026 तक मजदूर मैदान बोकारो में आयोजित होगा।
इस महोत्सव में जिले के स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की महिलाओं द्वारा निर्मित हस्तशिल्प, पारंपरिक खाद्य उत्पाद, हस्तनिर्मित वस्त्र, सजावटी सामान तथा अन्य स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की जाएगी। यह आयोजन महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने, स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
गुरुवार को उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा ने कहा कि बोकारो सखी महोत्सव, महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने और उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध कराने का एक महत्वपूर्ण मंच है। इससे न केवल महिलाओं की आर्थिक सशक्तता को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय उत्पादों को भी नई पहचान मिलेगी। जिला प्रशासन इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
वहीं, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) श्रीमती शताब्दी मजूमदार ने कहा कि इस महोत्सव के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने उत्पादों को सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। इससे उनकी आय में वृद्धि होगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने बताया कि महोत्सव प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, स्थानीय कला-संस्कृति का प्रदर्शन तथा विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से राज्य समृद्ध परंपरा की झलक भी देखने को मिलेगी।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस महोत्सव में शामिल होकर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करें तथा स्थानीय उत्पादों का समर्थन करें।



