ललितपुर
व्यापारी से मारपीट मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जाखलौन पुलिस ने व्यापारी के साथ मारपीट के मामले में वांछित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह एवं क्षेत्राधिकारी सदर सुनील कुमार भारद्वाज के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस के अनुसार, वादी द्वारा 24 मार्च को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पांचों अभियुक्तों ने एक राय होकर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर थाना जाखलौन में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अनुराग रजक, अरुण रजक, युवराज तिवारी, शेरू उर्फ नितिन तथा सोहिल पठान को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। सभी आरोपी जाखलौन कस्बे के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपियों द्वारा असलहे के साथ डराने-धमकाने के लगाए गए आरोप असत्य और निराधार हैं। गिरफ्तारी की कार्रवाई थाना प्रभारी अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



