शिवरामपुर में तीन दिवसीय सुसमाचारीय एवं प्रार्थना सभा में विधायक प्रो स्टीफन मरांडी ने की शिरकत
MLA Prof. Stephen Marandi participated in the three-day evangelistic and prayer meeting in Shivrampur.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जिले के महेशपुर प्रखण्ड के शिवरामपुर मैदान में महेशपुर ऑल चर्चेस यूनियन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय सुसमाचारीय एवं प्रार्थना सभा “सधीन साकवा आड़ाङ” का शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ हुआ। इस आध्यात्मिक आयोजन में महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में उनके आगमन पर आयोजकों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं द्वारा पारंपरिक आदिवासी नृत्य के साथ भव्य स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम 24 मार्च से 26 मार्च 2026 तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात्रि 9 बजे तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रभु की आराधना एवं प्रार्थना में भाग ले रहे हैं। सभा में प्रभु यीशु मसीह की विशेष प्रार्थना की गई, जिसमें दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सभी ने एक स्वर में प्रभु का गुणगान करते हुए शांति, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। वक्ताओं ने अपने संबोधन में प्रभु यीशु के जीवन, उनके त्याग, करुणा और उपदेशों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए समाज में प्रेम, सेवा और क्षमा की भावना अपनाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम आपसी सौहार्द, भाईचारा और सामाजिक एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया। इस अवसर पर धर्मगुरु सुशील मरांडी, मार्टिन हांसदा, संचालक सिफानोएल सोरेन, राजु मुर्मू, झामुमो युवा मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष बाबुधन मुर्मू उर्फ डॉन, मुन्ना प्यारेलाल मुर्मू, बेंजामिन हेंब्रम, फेनी हेंब्रम, हरेंद्र मुर्मू सहित क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



