
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। जिला क्षयरोग नियंत्रण केन्द्र में क्षयरोग (टीबी) से पीडि़त मरीजों को पोषण पोटली का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मरीजों के पोषण स्तर में सुधार कर उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाना है, जिससे वह बीमारी से जल्द स्वस्थ हो सकें। सीएमओ डा.इम्तियाज अहमद ने बताया कि टीबी मरीजों के उपचार में दवाओं के साथ-साथ पौष्टिक आहार बेहद आवश्यक है। इसी को ध्यान में रखते हुए पोषण पोटली का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने समाजसेवी संस्थाओं एवं आम नागरिकों से अपील की कि वह टीबी मरीजों को गोद लेकर उनके पोषण और देखभाल में सहयोग करें। जिला क्षयरोग अधिकारी डा.रामनरेश सोनी ने बताया कि शासन द्वारा चलाई जा रही नि:क्षय पोषण योजना के तहत मरीजों को मूंगफली, सोयाबीन बड़ी, दाल, भुना चना, सत्तू, गुड़ एवं प्रोटीन पाउडर जैसी पौष्टिक सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। इससे मरीजों के खान-पान में सुधार होता है और उपचार का असर बेहतर होता है। परामर्शी चिकित्सक डा.जे.एस. बख्शी ने चेतावनी दी कि यदि मरीज बीच में दवा छोड़ देते हैं या उचित पोषण नहीं लेते, तो बीमारी का इलाज लंबा खिंच सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी को दो सप्ताह से अधिक खांसी, लगातार बुखार या वजन कम होने जैसी समस्या हो, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पर जाकर नि:शुल्क जांच कराएं। पब्लिक हेल्थ स्पेशलिस्ट डा.सौरभ सक्सेना ने कहा कि टीबी मरीजों की मदद के लिए नि:क्षय मित्र बनने की पहल की जा रही है, जिससे समाज के लोग आगे आकर मरीजों के पोषण में सहयोग कर सकें। इस दौरान जिला क्षयरोग नियंत्रण केन्द्र के पीपीएम आदेश श्रीवास्तव, डीपीसी शिवराम सिंह एवं एनटीईपी स्टाफ सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। टीबी मरीजों को समय पर इलाज और उचित पोषण उपलब्ध कराकर उन्हें स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर करना।



