गाजियाबाद

लोनी में सब-रजिस्ट्रार कार्यालय को लेकर भ्रम

आम नागरिक दुविधा में

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी (गाजियाबाद)। वित्तीय वर्ष के समापन को देखते हुए शासन द्वारा लोनी स्थित उप निबंधक (सब-रजिस्ट्रार) कार्यालय को अवकाश दिवसों—जैसे अष्टमी, नवमी एवं रविवार—में भी खोलने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि लंबित विलेखों (बैनामों) का शीघ्र निष्पादन कर राजस्व प्राप्ति बढ़ाई जा सके। इसके लिए अधिकारियों को पर्याप्त व्यवस्था और कार्मिकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
वहीं दूसरी ओर, लोनी तहसील बार एसोसिएशन (रजि.) ने एक सूचना जारी कर स्पष्ट किया है कि रविवार को तहसील में पंजीकरण कार्य नहीं होगा। एसोसिएशन के अध्यक्ष जोगेंद्र प्रसाद शर्मा के अनुसार पूर्व में सोशल मीडिया के माध्यम से रविवार को पंजीकरण कार्य होने की जानकारी दी गई थी, जिसे बाद में संशोधित करते हुए निरस्त कर दिया गया।
इन दोनों परस्पर विरोधी सूचनाओं के चलते आम नागरिकों में भ्रम और दुविधा की स्थिति बनी हुई है। लोग यह समझ नहीं पा रहे हैं कि रविवार को उप निबंधक कार्यालय खुलेगा या नहीं और उनके पंजीकरण कार्य हो पाएंगे या नहीं।
प्रशासन और बार एसोसिएशन के बीच स्पष्ट समन्वय न होने के कारण आमजन को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में नागरिकों ने प्रशासन से स्थिति स्पष्ट करने और एकरूप आदेश जारी करने की मांग की है, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button