
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार की शाम एक अज्ञात टैम्पू चालक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, गांव जहानपुरा निवासी जुनैद पुत्र शमशीर गुरुवार की शाम बाइक से कैराना से अपने घर लौट रहा था। बताया जाता है कि जैसे ही वह गांव के नजदीक पहुंचा, तभी सामने से तेज गति से आ रहे एक अज्ञात टैम्पू ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जुनैद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैराना में भर्ती कराया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जुनैद की हालत गंभीर बताते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, हादसे के बाद टैम्पू चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

