गोड्डा
रामनवमी पर पथरगामा में भव्य अखाड़ा जुलूस
थाना प्रभारी व मंत्री पुत्र रजनीश यादव की सहभागिता से बढ़ा उत्साह

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा। रामनवमी के पावन अवसर पर पथरगामा में भव्य अखाड़ा जुलूस का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं एवं स्थानीय युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे क्षेत्र में आस्था, उमंग और पारंपरिक संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
जुलूस के दौरान विभिन्न अखाड़ों द्वारा पारंपरिक खेलों और शौर्य प्रदर्शन ने लोगों को आकर्षित किया। लाठी, तलवारबाजी एवं अन्य पारंपरिक कलाओं का प्रदर्शन देखते ही बन रहा था। इस अवसर पर पथरगामा थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह एवं श्रम नियोजन मंत्री पुत्र रजनीश यादव भी जुलूस में शामिल हुए। दोनों ने अखाड़ा खेलों में हिस्सा लेकर युवाओं का उत्साहवर्धन किया, जिससे पूरे कार्यक्रम में नया जोश देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए समाज में एकता और भाईचारे को बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी सौहार्द को मजबूत करते हैं और लोगों को एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं। रामनवमी का यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी प्रेम और भाईचारे का भी जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया। पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।




