गाजियाबाद
इन्द्रा एन्क्लेव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में बदहाल व्यवस्था
सभासद अंकुश जैन मिकू ने उठाई कार्रवाई की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : नगरपालिका परिषद क्षेत्र के इन्द्रा एन्क्लेव कॉलोनी में स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में भारी अव्यवस्थाएं सामने आई हैं। स्थानीय सभासद अंकुश जैन मिकू ने विद्यालय का निरीक्षण किया तो वहां की स्थिति देखकर अपनी नाराज़गी जताई और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।सभासद के अनुसार विद्यालय में पिछले चार महीनों से भवन निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है, जिससे बच्चों को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही गर्मियों का मौसम शुरू होने के बावजूद विद्यालय की पानी की टंकी टूटी हुई मिली, जिससे पेयजल की समस्या बनी हुई है।निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि बच्चे फर्श पर बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं, क्योंकि विद्यालय में बैंचें टूटी हुई हैं। इससे शिक्षा व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
सभासद अंकुश जैन मिकू ने विद्यालय के प्रधानाचार्य से नाराज़गी जताते हुए कहा कि एक ओर सरकार ‘कायाकल्प योजना’ के तहत सरकारी विद्यालयों के सुधार का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर इस विद्यालय में अधिकांश सुविधाएं केवल कागजों तक सीमित हैं। बच्चों को बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।विद्यालय परिसर में गंदगी और शौचालयों में सफाई व्यवस्था की कमी भी देखने को मिली, जिस पर सभासद ने स्टाफ को समस्याओं का निराकरण कराने के लिए अधिकारियों से पत्राचार करने को कहा।
उन्होंने कहा कि वह इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) से मुलाकात करेंगे और विद्यालय की सभी समस्याओं को उनके सामने रखकर जल्द समाधान कराने का प्रयास करेंगे। साथ ही दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की जाएगी।


