
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर पर लोनी टोल प्लाजा के नजदीक शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब एक मारुति स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।यह हादसा सुबह करीब 8:15 बजे अंकुर थाना क्षेत्र में हुआ। बागपत जनपद के खेकड़ा कस्बे के निवासी नमन पुत्र सुनील अपनी मारुति स्विफ्ट कार से किसी जरूरी काम से दिल्ली जा रहे थे। खजूरी मार्ग से होते हुए जैसे ही वह लोनी टोल प्लाजा के पास पहुंचे, अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते कार डिवाइडर से टकराई और पलट गई।हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने तुरंत मदद करते हुए कार का शीशा खोलकर चालक नमन को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि इस हादसे में उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित कर स्थिति सामान्य कराई। साथ ही घटना की जानकारी नमन के परिजनों को भी दे दी गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार हादसे के समय कार में केवल चालक ही सवार था और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर उस समय अन्य वाहन पास होते, तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।

