बरेली
मार्च खत्म होने से पहले संपत्ति कर जमा करने की होड़

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। मार्च माह के समाप्त होने से पहले नगर निगम में संपत्ति कर जमा करने को लेकर करदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अंतिम तिथि नजदीक आने के कारण नगर निगम कार्यालयों में करदाताओं की भीड़ बढ़ गई है। लोग लंबी कतारों में लगकर अपने बकाया कर का भुगतान कर रहे हैं। नगर निगम प्रशासन के अनुसार 31 मार्च तक संपत्ति कर जमा करने पर किसी प्रकार का अतिरिक्त ब्याज नहीं लगेगा। वहीं 1 अप्रैल से बकाया कर पर नियमानुसार ब्याज लगाया जाएगा। इसी वजह से करदाता समय सीमा से पहले ही अपने बिल निपटाने में जुटे हुए हैं।
निगम द्वारा करदाताओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। कई लोग निगम की वेबसाइट और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से घर बैठे ही भुगतान कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग काउंटर पर पहुंचकर नकद या अन्य माध्यमों से कर जमा कर रहे हैं। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही करदाताओं से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते अपना संपत्ति कर जमा कर दें, ताकि अतिरिक्त ब्याज से बचा जा सके।


