शामली
राकेश टिकैत की गिरफ्तारी के विरोध में थाने पर धरना
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। किसान नेता राकेश टिकैत को उड़ीसा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने की सूचना मिलते ही क्षेत्र के किसान संगठनों में आक्रोश फैल गया। नाराज किसानों और किसान नेताओं ने थाने पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और उनकी जल्द रिहाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द रिहाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।सोमवार को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत को उड़ीसा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने की खबर क्षेत्र में पहुंचते ही किसानों में रोष व्याप्त हो गया। इसके बाद संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने थाने पर पहुंचकर विरोध जताया और धरने को आंदोलन का रूप देने की चेतावनी दी। महिला विंग की जिलाध्यक्ष कविता चौधरी के नेतृत्व में दर्जनों किसान थाने पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों ने कहा कि सरकार किसान नेताओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।तहसील अध्यक्ष गौतम पवार ने कहा कि किसान नेता राकेश टिकैत किसानों की समस्याओं और उनके अधिकारों की आवाज बुलंद करने के लिए उड़ीसा गए थे, लेकिन वहां उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने इसे किसानों की आवाज को दबाने की साजिश बताया।किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक राकेश टिकैत को रिहा नहीं किया जाता, तब तक विरोध जारी रहेगा। यदि जल्द रिहाई नहीं हुई तो किसानों का यह आंदोलन आगे चलकर बड़ा रूप ले सकता है।इस दौरान विकास चौहान, रहीस पठान, पुष्पेंद्र, पप्पू, धीरज, रणवीर, बृजपाल, सहित किसान और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
