राजमहल में पियरलेस हॉस्पिटल के विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा हृदय रोग परामर्श शिविर का आयोजन
Specialist doctors from Peerless Hospital organised a heart disease consultation camp in Rajmahal.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
साहिबगंज राजमहल कोलकाता के प्रसिद्ध पियरलेस हॉस्पिटल के विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा आज राजमहल नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर3स्थित जेके हाई स्कूल परिसर में हृदय रोग से संबंधित एक विशेष परामर्श शिविर का आयोजन किया गया।इस शिविर में स्थानीय सहित दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और दिल से जुड़ी विभिन्न बीमारियों के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श प्राप्त किया।शिविर के दौरान डॉक्टरों की टीम ने मरीजों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया।हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों के लिए छोटे शहरों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता कम होने के कारण ऐसे शिविर लोगों के लिए काफी राहत लेकर आते हैं। इस शिविर में लगभग28से30 मरीजों ने पहुंचकर अपनी स्वास्थ्य संबंधी जांच एवं परामर्श कराया। कार्यक्रम के दौरान वार्ड नंबर3के पार्षद सन्नी कुमार साहा भी मौके पर पहुंचे और पूरे आयोजन का निरीक्षण किया।उन्होंने डॉक्टरों से मुलाकात कर उनकी सेवा भावना की सराहना की तथा पियरलेस हॉस्पिटल की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि राजमहल जैसे सुदूर क्षेत्र में आकर इस प्रकार की स्वास्थ्य सेवा प्रदान करना अत्यंत सराहनीय एवं जनहितकारी कार्य है।इससे क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिलती है, जिन्हें सामान्यतःइलाज के लिए बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है।
उन्होंने आगे कहा कि यदि इस प्रकार के शिविर नियमित अंतराल पर वर्ष में3से4बार आयोजित किए जाएं,तो इसका सीधा लाभ स्थानीय जनता को मिलेगा और लोगों को समय पर इलाज उपलब्ध हो सकेगा।उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यों में उनके स्तर से हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।वहीं राजमहल के विधायक एमटी राजा वर्तमान में असम दौरे पर हैं,जहां विधानसभा चुनाव को लेकर वे व्यस्त हैं। कार्यक्रम में उनकी अनुपस्थिति के बावजूद उन्होंने फोन के माध्यम से पियरलेस हॉस्पिटल के डॉक्टरों का आभार व्यक्त किया और इस पहल की सराहना की।उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर क्षेत्र के लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं और भविष्य में भी ऐसे आयोजन होते रहने चाहिए।वही स्थानीय नागरिकों ने भी इस शिविर की सराहना करते हुए कहा कि हृदय रोग जैसी गंभीर समस्याओं के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों का राजमहल आना उनके लिए किसी बड़ी सुविधा से कम नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे, जिससे आम जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधा अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सके।



