ललितपुर
छात्र जीवन में खेल के प्रति लगन भविष्य उन्नति का मार्ग
खडोबरा में क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आगाज

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पं.रुद्रनारायण त्रिवेणी शर्मा मेमोरियल इंटर कॉलेज खडोबरा के खेल मैदान में क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया गया। शुभारंभ सीनियर सिटीजन संघ कार्यवाहक अध्यक्ष पं.राजाराम गोस्वामी, महासचिव पं.जयप्रकाश नारायण द्विवेदी, आचार्य रामकिशन शाक्य एवं प्रधानाचार्य आशीष दीक्षित द्वारा दीप प्रज्वलित कर मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ किया गया। टूर्नामेंट में विभिन्न टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पहले मुकाबले में पं.रुद्र नारायण इंटर कॉलेज खडोबरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चीरा टीम को 4 रन से पराजित किया। चीरा ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का निर्णय लिया था, जिसके जवाब में खडोबरा टीम ने 10 ओवर में 104 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए चीरा टीम 101 रन पर सिमट गई। इस मैच में गुडडू राजा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मैच में किंग्स ऑफ रोड़ा (टीम ए) ने रजवारा रॉयल्स को 10 रन से हराकर जीत दर्ज की। किंग्स ऑफ रोड़ा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 140 रन का विशाल लक्ष्य रखा, जिसके जवाब में रजवारा रॉयल्स 130 रन ही बना सकी। इस मुकाबले में राज राजा को मैन ऑफ द मैच का खिताब मिला। इस दौरान जिला क्रिकेट संघ अध्यक्ष शत्रुघ्न यादव ने कहा कि ऐसे टूर्नामेंट ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम हैं और यही बच्चे भविष्य में जिले व प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। संघ उपाध्यक्ष पं.रजनीश दीक्षित ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल भी जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है, जिससे युवा शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत बनते हैं। महिला क्रिकेट चैंपियन कु.सुरभि राजा ने छात्राओं को भी खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। मौके पर देवेन्द्र शर्मा, अंजलि बुंदेला, आकांक्षा राजा, संजय राजा, अजय राजा, रवि यादव, अजय यादव, पं. दिनेश्वर राय, राहुल पटैरिया, रामजू यादव, रामसजीवन यादव, सेदपाल यादव, गुडडू राजा, विकास यादव, अर्जुन कबूतरा सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।



