ललितपुर
मंहगे दाम पर पुरानी किताबें बेचने का आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। जिले में निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर पुरानी किताबें बेचने और उपभोक्ता के साथ अनुचित व्यवहार का मामला सामने आया है। इस संबंध में आजादपुरा निवासी पत्रकार विनोद कुमार मिश्रा ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। पत्रकार विनोद मिश्रा ने बताया कि उनकी पुत्री जो महाराजा अग्रसेन विद्यालय में कक्षा-1 की छात्रा है, उसे विद्यालय द्वारा निर्धारित कल्पना बुक डिपो से ही पुस्तकें खरीदने के निर्देश दिए गए थे। 1 अप्रैल 2026 को जब वह उक्त दुकान से किताबें लेने पहुंचे, तो दुकानदार ने उन्हें पुरानी (सेकेंड हैंड) किताबें दे दीं, जबकि उनसे नई पुस्तकों के बराबर या उससे अधिक मूल्य वसूला गया। पीडि़त ने बताया कि इस संबंध में कई बार दुकानदार से नई किताबें उचित मूल्य पर देने का अनुरोध किया गया, लेकिन न तो किताबें बदली गईं और न ही संतोषजनक जवाब दिया गया। आरोप है कि दुकानदार ने उपभोक्ता के साथ अनुचित व्यवहार भी किया। शिकायतकर्ता ने यह भी उल्लेख किया है कि वह लंबे समय से कमर दर्द से पीड़ित हैं, जिससे बार-बार दुकान के चक्कर लगाना उनके लिए कठिन रहा, इसके बावजूद दुकानदार ने समस्या को नजरअंदाज किया। जिलाधिकारी से की गई शिकायत में मामले की जांच कर संबंधित दुकान संचालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा पीडि़त को न्याय दिलाने की मांग की गई है।



