ललितपुर
अवैध खनन व ओवरलोडिंग के खिलाफ चला सघन चेकिंग अभियान
नियम तोडऩे वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई, यातायात नियमों के पालन की दी गई हिदायत

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। जिले में अवैध खनन, ओवरलोडिंग एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध पुलिस द्वारा विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक के निर्देशन में शनिवार को संचालित किया गया। अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह एवं क्षेत्राधिकारी सदर सुनील कुमार भारद्वाज के नेतृत्व में यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने जनपद के विभिन्न प्रमुख मार्गों और संदिग्ध स्थलों पर सघन चेकिंग की। इस दौरान ओवरलोड एवं संदिग्ध वाहनों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम सहित अन्य सुसंगत धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी कि वे निर्धारित क्षमता के अनुसार ही माल परिवहन करें तथा सभी वैध प्रपत्रों के साथ ही वाहन का संचालन करें। अधिकारियों ने अभियान के दौरान चालकों को यह भी बताया कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग से न केवल सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है, बल्कि इससे सरकारी राजस्व की भी हानि होती है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।



