चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 लाख की अफीम और डोडा जब्त, तस्करों में हड़कंप
Chatra police take major action, seize opium and poppy worth Rs 50 lakh, causing panic among smugglers

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
झारखंड के चतरा जिले में पुलिस ने अफीम माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन” के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। कुंदा थाना क्षेत्र के बटुकुईया गांव में छापेमारी कर पुलिस ने करीब 50 लाख रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। छापेमारी के दौरान 840 ग्राम शुद्ध अफीम, 17 बोरों में भरा 315 किलोग्राम डोडा और 35 किलोग्राम पोस्ता दाना जब्त किया गया। इसके साथ ही अवैध अफीम की खेती और प्रोसेसिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जैसे मोटर पंप, सेक्शन पाइप, फीता पाइप का बंडल और कीटनाशक स्प्रे मशीन भी बरामद किए गये। पुलिस को लंबे समय से इलाके में अवैध अफीम कारोबार की सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देश पर विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में टीम ने देर रात गांव की घेराबंदी कर कार्रवाई को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि उनकी पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। बरामदगी से यह साफ हुआ है कि कुंदा और आसपास के क्षेत्रों में न केवल अफीम का भंडारण, बल्कि बड़े पैमाने पर इसकी खेती और प्रोसेसिंग भी की जा रही थी। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और नशा तस्करों में भय का माहौल है। पुलिस ने कुंदा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसपी सुमित अग्रवाल ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार को पूरी तरह खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।


