
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। आईडीबीआई बैंक में सरकार की 60.72 प्रतिशत हिस्सेदारी विदेशी निवेशक को बेचने के फैसले के विरोध में 2 और 3 नवंबर को देशव्यापी हड़ताल होगी। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने इस हड़ताल को समर्थन दिया है।
UFBU बरेली के जिला संयोजक नवींद्र कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार अपनी 30.48 प्रतिशत और एलआईसी अपनी 30.24 प्रतिशत हिस्सेदारी कनाडा की फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स से जुड़ी कंपनी को बेच रही है। उन्होंने कहा कि आईडीबीआई बैंक लगातार मुनाफे में है और उसकी वित्तीय स्थिति सुधरी है, ऐसे में लाभ कमाने वाले बैंक को विदेशी कंपनी को सौंपने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार का यह फैसला सार्वजनिक क्षेत्र की बैंकिंग व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है। बैंकिंग व्यवस्था करोड़ों खाताधारकों की जमा पूंजी और देश की आर्थिक सुरक्षा से जुड़ी है, इसलिए इस फैसले पर पुनर्विचार होना चाहिए। UFBU बरेली हड़ताल का पूर्ण समर्थन करता है।


