दीवाली से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा
बरेली में मिठाई की 12 दुकानों पर छापा, सैंपल जांच के लिए भेजे

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। दीपावली से पहले बाजार में खपाने के लिए तैयार की जा रही मिलावटी मिठाइयों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में एक साथ 4 टीमों ने छापामार अभियान चलाया। सहायक आयुक्त खाद्य-2 के नेतृत्व में टीमों ने आंवला, मीरगंज, बहेड़ी, फरीदपुर से लेकर शहर के पीलीभीत बाईपास, बदायूं और नैनीताल रोड तक मिठाई की 12 नामी दुकानों पर छापा मारकर बर्फी, खोया, बेसन लड्डू, गुलाब जामुन और दही के 12 नमूने जब्त किए। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, सभी सैंपलों को जांच के लिए लैब भेजा गया है। टीम ने मौके पर ही दुकानदारों को फटकार लगाते हुए साफ-सफाई और हर मिठाई पर निर्माण व अवसान तिथि लिखना अनिवार्य करने के निर्देश दिए। जांच रिपोर्ट आते ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई होगी।



