ललितपुर
अंबेडकर जयंती पर विकासार्थ विद्यार्थी और मानव ऑर्गेनाइजेशन ने चलाया स्वच्छता अभियान
सुम्मेरा तालाब पर एकत्र होकर चलाया सफाई अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। भारतरत्न बाबा साहब डा.भीमराव अंबेडकर की जयंती के पावन अवसर पर सुबह 09.30 बजे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विकासार्थ विद्यार्थी एवं मानव ऑर्गेनाइजेशन के संयुक्त तत्वावधान में सुम्मेरा तालाब की सफाई का वृहद कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अभियान के माध्यम से न केवल जल संरक्षण का संदेश दिया गया, बल्कि पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त बनाने की शपथ भी ली गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने श्रमदान कर तालाब के किनारों से भारी मात्रा में गंदगी और प्लास्टिक कचरे को बाहर निकाला। इस दौरान विकासार्थ विद्यार्थी के प्रान्त सह प्रमुख डा.राजीव कुमार निरंजन ने बताया कि बाबा साहब का जीवन समरसता और सुधार का प्रतीक है। आज उनकी जयंती पर तालाब की सफाई करना उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। जल स्रोतों का संरक्षण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम युवाओं का नैतिक कर्तव्य है। विकासार्थ विद्यार्थी के माध्यम से हम छात्र शक्ति को पर्यावरण की सुरक्षा से जोड़ रहे हैं। विकासार्थ विद्यार्थी विभाग प्रमुख डा.दीपक पाठक ने बताया कि प्रकृति और मानवता का गहरा संबंध है। सुम्मेरा तालाब शहर की धरोहर है और इसे स्वच्छ रखना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। आज का यह अभियान युवाओं में पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करने की एक छोटी सी कोशिश है। अभाविप विभाग संगठन मंत्री ने कहा कि परिषद सदैव छात्र शक्ति-राष्ट्र शक्ति के मंत्र पर चलती है। राष्ट्र निर्माण का मार्ग स्वच्छ गलियों और स्वच्छ जलाशयों से होकर गुजरता है। आज सभी कार्यकर्ताओं ने जिस ऊर्जा के साथ श्रमदान किया है, वह सराहनीय है। पर्यावरणविद् एवं संयोजक, गौरैया बचाओ अभियान पुष्पेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि जल है तो कल है। तालाबों की सफाई से न केवल जल स्तर सुधरता है, बल्कि जैव विविधता को भी नया जीवन मिलता है। इस पुण्य कार्य के लिए मैं सभी संगठनों और युवाओं का आभार व्यक्त करता हूँ। इस दौरान विकासार्थ विद्यार्थी जिलाध्यक्ष डा.रोहित वर्मा, जिला उपाध्यक्ष डा. विशाल भारतीय नायक, मानव ऑर्गेनाइजेशन के सचिन जैन, बलराम कुशवाहा, जिलाध्यक्ष अमित सैनी, ची ची ग्रुप से आरव पाठक, नीर जैन, गौतमी जैन उपस्थित रहे। अभियान के अंत में सभी उपस्थित जनों ने पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन की शपथ ली। कार्यक्रम के समापन पर अभाविप नगर मंत्री गोपाल शर्मा ने आभार जताया।



