ललितपुर

स्कूलों में चलेगा टिटेनस-डिप्थीरिया टीकाकरण अभियान

20 अप्रैल से विशेष सत्र शुरू

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। जिले में बच्चों को टिटेनस एवं डिप्थीरिया जैसी गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 20, 21, 23, 24, 27, 28 एवं 30 अप्रैल 2026 को जिले के सभी विद्यालयों में संचालित किया जाएगा। सीएमओ डा.इम्तियाज अहमद ने बताया कि अभियान की तैयारियां प्रशासनिक स्तर पर पूरी कर ली गई हैं। इसकी शुरुआत 9 अप्रैल को राज्य स्तरीय जूम बैठक के माध्यम से संवेदीकरण के साथ की गई थी। इसके तहत जिला स्तरीय टीम द्वारा नगरीय क्षेत्र के विद्यालयों का भ्रमण कर प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों से समन्वय स्थापित किया गया, ताकि निर्धारित तिथियों में शत-प्रतिशत पात्र छात्र-छात्राओं का टीकाकरण सुनिश्चित किया जा सके। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा.शिव प्रकाश ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित कर बेसिक शिक्षा विभाग एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर स्कूल आधारित कार्ययोजना तैयार की गई है। एएनएम द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों के सभी विद्यालयों को सूचीबद्ध कर माइक्रोप्लान भी तैयार कर लिया गया है। अभियान के तहत तीन आयु वर्ग के बच्चों को टीके लगाए जाएंगे। इसमें 5-6 वर्ष (कक्षा 1) के बच्चों को डीपीटी-2 बूस्टर, 10 वर्ष (कक्षा 4 एवं 5) के बच्चों को टीडी-10 तथा 16 वर्ष (कक्षा 10 एवं 11) के बच्चों को टीडी-16 का टीका लगाया जाएगा। प्रत्येक सत्र में लगभग 100 से 125 बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यह विशेष सत्र नियमित टीकाकरण दिवस (बुधवार एवं शनिवार) को छोड़कर अन्य दिनों में आयोजित किए जाएंगे। अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए स्कूलों में बैनर एवं पोस्टर लगाए जाएंगे। पब्लिक हेल्थ स्पेशलिस्ट डा.सौरभ सक्सेना ने बताया कि टीकाकरण की निगरानी के लिए रिपोर्टिंग व्यवस्था को मजबूत किया गया है। टीकाकरण से संबंधित डाटा यू-विन पोर्टल, एचएमआईएस एवं गूगल शीट पर अपडेट किया जाएगा। वहीं, किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए प्रत्येक सत्र पर आवश्यक दवाएं एवं एनाफाइलेक्सिस किट उपलब्ध रहेगी। सीएमओ ने जनमानस से अपील की है कि वह अपने बच्चों का टीकाकरण अवश्य कराएं और इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें, ताकि बच्चों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button