जालौन

झंडा चैराहा व बैठगंज बाजार में अतिक्रमण का जाल, जाम से जनता बेहाल

सड़कें सिकुड़ीं, दिनभर रेंगता ट्रैफिक, दुकानदारों ने समाधान दिवस में उठाई स्थायी कार्रवाई की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
जालौन (उरई)। नगर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र बैठगंज बाजार और झंडा चैराहा इन दिनों अतिक्रमण की चपेट में हैं। सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ते अवैध कब्जों ने हालात इस कदर बिगाड़ दिए हैं कि आमजन का आवागमन दूभर हो गया है। शनिवार को स्थानीय दुकानदारों ने इस समस्या को लेकर सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र सौंपते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।
दुकानदारों का कहना है कि बाजार और चैराहों के आसपास अतिक्रमण के चलते सड़कें लगातार संकरी होती जा रही हैं। हालत यह है कि दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे न केवल राहगीरों बल्कि व्यापारियों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्राहकों के लिए दुकानों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है, जिससे व्यापार पर सीधा असर पड़ रहा है। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि नगर पालिका परिषद द्वारा समय-समय पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाती है, लेकिन वह महज खानापूर्ति साबित होती है। कुछ ही दिनों में दोबारा अतिक्रमण हो जाता है और स्थिति जस की तस बनी रहती है। झंडा चैराहे के चारों ओर और मुख्य सड़कों पर किए गए कब्जों ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। संकरी सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है। दुकानदारों ने प्रभारी अधिकारी से मांग की है कि नगर पालिका परिषद जालौन को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं, ताकि अभियान चलाकर स्थायी रूप से अतिक्रमण हटाया जाए और दोबारा कब्जा न हो सके। वैभव सोनी, दीपेन्द्र, डॉ. शिवनारायण, पिंटू, किशना, चंदन, धर्मेन्द्र, सुमन गुप्ता, आसमा और साकिर समेत कई दुकानदारों ने संयुक्त रूप से आवाज उठाई। अब नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैकृक्या मिलेगा जाम और अतिक्रमण से छुटकारा या यूं ही जारी रहेगी परेशानी?
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button